*बलिया में जनगणना कार्य तेज, डीएम आवास को मिला भवन क्रमांक-16*
*गुणवत्तापूर्ण जनगणना पर जोर, डीएम ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दिए निर्देश*
बलिया। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जनपद बलिया सहित पूरे प्रदेश में तेज गति से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री अनिल कुमार के मार्गदर्शन में जनपद के मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी) संख्या-109 में जनगणना कार्य संपन्न कराया गया। इस दौरान प्रगणक श्री दीपक कुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी आवास को जनगणना भवन क्रमांक-16 आवंटित करते हुए गणना की प्रक्रिया पूरी की।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने स्व- गणना (Self Enumeration) आईडी उपलब्ध कराई, जिसके बाद प्रगणक ने उक्त आईडी को एचएलओ (HLO) ऐप में दर्ज किया। इसके साथ ही महज दो मिनट में जनगणना-2027 के प्रथम चरण की कार्रवाई सफलतापूर्वक पूर्ण हो गई। कार्य पूर्ण होने पर जिलाधिकारी ने प्रगणक श्री दीपक कुमार गुप्ता को मिष्ठान खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य सुचारु एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। जिलाधिकारी ने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से जनगणना कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयावधि में पूरा करने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बलिया सदर श्री अभिनेंद्र सिंह, जनगणना प्रभारी मंदेश चौरसिया तथा नगर पालिका परिषद बलिया के अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


0 Comments