बलिया। जनपद के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवली स्थित बाबा बालखण्डी नाथ मंदिर परिसर के समीप 9 जून से 15 जून 2026 तक आयोजित होने वाले भव्य शिवपुराण यज्ञ एवं कथा कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन के अनुसार शिवपुराण यज्ञ के दौरान लगभग तीन से चार लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 9 जून से 15 जून तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक भारी वाहनों, बसों एवं चार पहिया वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। विभिन्न मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती कर यातायात संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
जारी यातायात योजना के तहत बलिया से बांसडीह की ओर जाने वाले भारी वाहन, बस और चार पहिया वाहन शंकरपुर तिराहा से हनुमानगंज, सुखपुरा और सिकंदरपुर होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं बांसडीह से बलिया आने वाले वाहन भी बांसडीह तिराहा से सुखपुरा और हनुमानगंज के रास्ते भेजे जाएंगे। बांसडीह से बैरिया जाने वाले वाहनों को सहतवार, रेवती और चिरैया मोड़ होकर जाने की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा रसड़ा, फेफना, उभांव, सिकंदरपुर तथा बैरिया क्षेत्र से यज्ञ स्थल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुचारू बना रहे। प्रशासन द्वारा यज्ञ स्थल के आसपास पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जहां तक केवल श्रद्धालुओं के वाहनों को जाने की अनुमति होगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें तथा यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही किसी भी असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पूर्व यातायात व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
हालांकि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों जैसे एम्बुलेंस, फायर टेंडर, मेडिकल सेवा वाहन, डीजल-पेट्रोल एवं गैस आपूर्ति वाहनों तथा विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को डायवर्जन व्यवस्था से छूट प्रदान की गई है।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर निगरानी की जाएगी।


0 Comments