बलिया। आगामी शिव महापुराण कथा को लेकर जनपद में उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया है। सोमवार देर शाम अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शिव महापुराण कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का बलिया आगमन हुआ, जहां माल्देपुर मोड़ पर उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के निर्देशन में कार्यकर्ताओं, समर्थकों और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं, जयघोषों और दर्जनों वाहनों के विशाल काफिले के साथ उनका अभिनंदन किया।
पंडित प्रदीप मिश्रा के जिले में पहुंचते ही श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला। माल्देपुर मोड़ से लेकर स्वागत स्थल तक “हर-हर महादेव” और “श्री शिवाय नमस्तुभ्यं” के जयघोष लगातार गूंजते रहे। श्रद्धालु अपने प्रिय कथावाचक की एक झलक पाने के लिए घंटों से इंतजार करते नजर आए। स्वागत समारोह के दौरान पूरा वातावरण शिवमय हो उठा और क्षेत्र धार्मिक आस्था एवं भक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा के साथ उनकी पूरी कथा टीम तथा आस्था चैनल से जुड़े पदाधिकारी एवं तकनीकी सहयोगी भी बलिया पहुंचे। कथा आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही टीम ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। जिले में उनके आगमन को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं, जिसके चलते स्वागत कार्यक्रम भव्यता और अनुशासन का अद्भुत उदाहरण बन गया।
गौरतलब है कि जनपद के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध बाबा बालखण्डी नाथ धाम, दिउली (बांसडीह रोड) में 9 से 15 जून तक आयोजित होने जा रही शिव महापुराण कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। कथा स्थल पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
पंडित प्रदीप मिश्रा के आगमन के साथ ही जनपद में आध्यात्मिक उत्सव का माहौल और अधिक प्रबल हो गया है। जिले सहित पूर्वांचल तथा पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कथा में शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं का मानना है कि यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि जनपद की पहचान को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगा। पूरे बलिया में अब शिव महापुराण कथा के शुभारंभ को लेकर उत्सुकता और श्रद्धा का वातावरण दिखाई दे रहा है।


0 Comments