बलिया : बाबा बालखण्डी नाथ धाम में उमड़ेगा शिवभक्ति का महासागर, पंडित प्रदीप मिश्रा की अमृतवाणी सुनने जुटेंगे लाखों श्रद्धालु


जब गूंजेगा "श्री शिवाय नमस्तुभ्यं", शिवमय हो उठेगा बाबा बालखण्डी नाथ धाम

बलिया। जनपद के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा बालखण्डी नाथ धाम, दिउली (बांसडीह रोड) में 9 से 15 जून तक शिवभक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के सौजन्य से आयोजित इस विराट आध्यात्मिक महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शिव महापुराण कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक भगवान शिव की महिमा का अमृतमय वर्णन करेंगे।

कथा को लेकर न केवल बलिया जनपद बल्कि पूरे पूर्वांचल, बिहार तथा आसपास के जनपदों में श्रद्धालुओं के बीच जबरदस्त उत्साह और उल्लास का वातावरण है। लाखों शिवभक्त इस दिव्य आयोजन का साक्षी बनने के लिए उत्सुक हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि पंडित प्रदीप मिश्रा जी की कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और जीवन को नई दिशा देने वाला आध्यात्मिक महापर्व होती है।

अपनी सहज, सरल और हृदयस्पर्शी वाणी के कारण पंडित प्रदीप मिश्रा जी आज करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र बन चुके हैं। उनकी कथाओं में भगवान शिव की महिमा, भक्ति, संस्कार, सेवा और मानवता का संदेश अत्यंत सरल भाषा में प्रस्तुत किया जाता है, जो सीधे जनमानस के हृदय को स्पर्श करता है।

उनकी कथा का सबसे लोकप्रिय और श्रद्धालुओं के बीच अत्यंत चर्चित मंत्र "श्री शिवाय नमस्तुभ्यं, भोला सब दुःख काटो मेरो" आज देशभर के शिवभक्तों की जुबान पर है। कथा स्थल पर जब हजारों-लाखों श्रद्धालु एक स्वर में इस मंत्र का उच्चारण करते हैं, तब पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यह मंत्र सनातन धर्म की नई चेतना जगाने के साथ-साथ मन में श्रद्धा, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

जहां-जहां पंडित प्रदीप मिश्रा जी की कथा होती है, वहां श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ता है। इसी कारण बाबा बालखण्डी नाथ धाम में भी विशाल स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बाबा बालखण्डी नाथ धाम में आयोजित होने जा रहा यह शिव महापुराण कथा महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक समरसता का एक भव्य उत्सव बनने जा रहा है। श्रद्धालुओं को विश्वास है कि भगवान भोलेनाथ की कृपा और पंडित प्रदीप मिश्रा जी की अमृतवाणी से यह आयोजन जनपद के इतिहास में एक अविस्मरणीय अध्याय के रूप में दर्ज होगा।



Post a Comment

0 Comments