बलिया : अवैध हूटर और प्रेशर हॉर्न पर आरटीओ का ताबड़तोड़ अभियान


38 वाहनों का चालान, नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस-आरसी होंगे निलंबित

बलिया। शासन के निर्देश पर जनपद में सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान तेज कर दिया है। मोडिफाइड साइलेंसर, अवैध हूटर और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग की इस मुहिम से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन स्वामियों में हड़कंप मचा हुआ है।

संभागीय परिवहन अधिकारी अरुण कुमार राय ने बताया कि 07 मई से 12 मई तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान 13 मोडिफाइड साइलेंसर, 7 अवैध हूटर तथा 18 प्रेशर हॉर्न लगे वाहनों का चालान किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उपकरणों का उपयोग न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण को बढ़ाने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाते हैं। विशेष रूप से अस्पताल, विद्यालय और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ऐसे वाहनों की आवाज लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती है। परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतेगा।

एआरटीओ अरुण कुमार राय ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 54 एवं 190(2) के तहत कार्रवाई करते हुए चालान के साथ-साथ वाहन स्वामियों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीयन प्रमाणपत्र (आरसी) के निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विभाग की ओर से संबंधित वाहन स्वामियों को नोटिस भी भेजी जा रही है।

उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बलिया अरुण कुमार राय तथा यात्री कर अधिकारी अरविंद कुमार जैसल के नेतृत्व में लगातार संचालित किया जा रहा है। विभागीय टीमें शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सक्रिय रूप से जांच कर रही हैं ताकि अवैध हूटर, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर के प्रयोग पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं और यातायात नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और शांत वातावरण बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

0 Comments