बलिया, दिनांक 14.08.2026। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के परिक्षेत्र–बलिया-1 की शाखा टकरसन द्वारा एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बैंक की सामाजिक सुरक्षा एवं वित्तीय समावेशन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ ग्राहकों के साथ साझा की गईं।
कार्यक्रम के माध्यम से बैंक ने यह संदेश दिया कि वह केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा रहने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर स्वर्गीय रवि प्रकाश गुप्ता के निधन उपरांत उनकी पत्नी श्रीमती गुड़िया गुप्ता एवं स्वर्गीय जयत्री देवी के निधन उपरांत उनके पति श्री राम अवध को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के अंतर्गत ₹2 लाख की स्वीकृत बीमा दावा राशि के चेक क्षेत्रीय प्रबंधक, बलिया-1 श्री सुधीर कुमार शुक्ला द्वारा प्रदान किए गए। इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना आमजन को न्यूनतम प्रीमियम पर महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा प्रदान करती है तथा ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल देने में अत्यंत सहायक सिद्ध होती है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सुधीर कुमार शुक्ला, शाखा प्रबंधक श्री अभिषेक कुमार, शाखा में पदस्थ समस्त कर्मचारी, ग्राहक गण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर यह विश्वास व्यक्त किया गया कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक भविष्य में भी इसी प्रकार समाज के विभिन्न वर्गों को सशक्त बनाने एवं वित्तीय समावेशन को गति देने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा।

