स्टेशनों, कॉलोनियों और चिकित्सा केंद्रों पर आयोजित हुए कार्यक्रम, यात्रियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से दूर रहने का संदेश
लखनऊ, 17 मई 2026। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान” (15 मई 2026 से 05 जून 2026) के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को लेकर व्यापक अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम/फ्रेट श्री महेंद्र सिंह के नेतृत्व में मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों एवं चिकित्सा केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत गोरखपुर, लखनऊ जंक्शन, बादशाहनगर, ऐशबाग, गोंडा, बस्ती एवं खलीलाबाद रेलवे स्टेशनों सहित ऐशबाग एवं गोंडा रेलवे कॉलोनियों तथा चिकित्सा केंद्रों पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
लखनऊ जंक्शन एवं गोरखपुर स्टेशन पर यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों, वेंडरों तथा स्वच्छता कर्मियों को क्लाइमेट चेंज, वेस्ट मैनेजमेंट एवं सस्टेनेबल लाइफस्टाइल के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान “पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ” तथा “यात्रा के दौरान अपनी पानी की बोतल साथ रखें” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पुनः उपयोग योग्य बोतलों एवं थैलों के प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यात्रियों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा प्लास्टिक बोतलों को क्रशर मशीन में डालने की अपील की गई।
ऐशबाग पॉलीक्लिनिक में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजना की उपस्थिति में पर्यावरण संरक्षण विषयक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं खलीलाबाद स्टेशन पर स्वास्थ्य निरीक्षक एवं संविदा सफाई कर्मचारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण रैली निकाली गई। बस्ती रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बीच पुनः उपयोग योग्य बोतलों एवं कपड़े के थैलों का वितरण भी किया गया।
अभियान के दौरान रेलवे यात्रियों, निविदा स्वच्छता कर्मचारियों, आरपीएफ तथा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। इसकी जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने दी।





0 Comments