बलिया के प्रतिष्ठित समाजसेवी भारत भूषण गुप्ता का निधन, शहर में शोक की लहर


शुक्रवार को गंगा घाट पर होगा अंतिम संस्कार, सामाजिक व व्यावसायिक जगत में शोक

बलिया। शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी, समाजसेवी एवं होटल महादेव पैलेस परिवार के वरिष्ठ सदस्य भारत भूषण गुप्ता का गुरुवार सायंकाल लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे नगर तथा आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। वे जीरा बस्ती की पूर्व प्रधान श्रीमती मंजू गुप्ता के पति तथा समाजसेवी मोहनीश गुप्ता ‘मोनू’ के पिता थे।

भारत भूषण गुप्ता अपने सौम्य व्यवहार, सरल व्यक्तित्व और सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। वे वर्षों से सामाजिक एवं जनहित के कार्यों से जुड़े रहे और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उनके दरवाजे से कोई भी व्यक्ति निराश होकर वापस नहीं लौटता था। समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ उनका आत्मीय संबंध था, जिसके कारण वे सभी के बीच अत्यंत सम्मानित थे।

उनके निधन की खबर मिलते ही शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों एवं नगर के गणमान्य लोगों का उनके आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

नगर के सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यावसायिक संगठनों से जुड़े लोगों ने कहा कि भारत भूषण गुप्ता का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका शांत स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और लोगों के प्रति अपनापन हमेशा याद किया जाएगा।

परिजनों के अनुसार भारत भूषण गुप्ता का अंतिम संस्कार शुक्रवार, 22 मई 2026 को प्रातः 9 बजे गंगा घाट, बलिया पर पूरे विधि-विधान के साथ किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति दें।

परिवर्तन चक्र परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि 



Post a Comment

0 Comments