बलिया : ब्रिगेडियर सौरभ सिन्हा ने किया एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण, कैडेट्स ने सलामी शस्त्र से किया स्वागत


ड्रिल, फायरिंग और फील्ड क्राफ्ट प्रशिक्षण का लिया जायजा, कैडेट्स के अनुशासन की सराहना

बलिया, 25 मई 2026। 93 यू०पी० बटालियन एन०सी०सी०, बलिया द्वारा बाबा राम दल पकवा इनार में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को वाराणसी ग्रुप ‘ए’ के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर सौरभ सिन्हा ने निरीक्षण किया। शिविर पहुंचने पर क्वार्टर गार्ड पर कैडेट्स द्वारा सलामी शस्त्र के साथ गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया गया।

निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर सौरभ सिन्हा ने शिविर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कैडेट्स द्वारा किए जा रहे ड्रिल प्रशिक्षण, फायरिंग प्रैक्टिस, मैप रीडिंग तथा फील्ड क्राफ्ट अभ्यास को देखा और कैडेट्स से सीधे संवाद कर उनके अनुभवों की जानकारी ली।


उन्होंने कैडेट्स के अनुशासन, वेशभूषा, प्रशिक्षण के प्रति समर्पण तथा उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने का सबसे प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि शिविरों में दिया जाने वाला प्रशिक्षण कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार करता है।

ब्रिगेडियर सौरभ सिन्हा ने प्रशिक्षण व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए प्रशिक्षकों एवं स्टाफ को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के शिविर युवाओं में टीम भावना और राष्ट्र सेवा का जज़्बा मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर शिविर कमांडेंट कर्नल अनुराग तिवारी, डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल रविंद्र किंग्रा, सूबेदार मेजर दिनेश कुमार, सूबेदार राम निशांत सिंह, सूबेदार विजय कुमार, ए.एन.ओ. लेफ्टिनेंट हरिश्चंद्र पटेल तथा लेफ्टिनेंट आर.पी. शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।




Post a Comment

0 Comments