जौनपुर में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मुठभेड़ में इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल होने से बचे
जौनपुर, 25 मई 2026। जनपद के चर्चित दूल्हा हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी रवि यादव को मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। देर रात खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ मोड़ के पास हुई इस मुठभेड़ में लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह घायल हो गए, जबकि दो पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण बाल-बाल बच गए।
पुलिस के अनुसार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार आरोपी रवि यादव खेतासराय क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। वहीं खेतासराय थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला और एसओजी टीम के प्रवीण यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई। घायल थाना प्रभारी का उपचार कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि एक मई को शादी के लिए बारात लेकर जा रहे 25 वर्षीय आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था। मामले में पुलिस ने सात लोगों को नामजद किया था, जिनमें प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
घटना के बाद से पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। आरोपियों की तलाश में दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज, सुल्तानपुर और नेपाल तक छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान रवि यादव के खेतासराय क्षेत्र में होने की सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के फरार आरोपी प्रदीप बिंद और भोले राजभर की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


0 Comments