बलिया : संकल्प के समर कैम्प की दूसरी शाखा का शुभारंभ, बच्चों के व्यक्तित्व विकास पर दिया गया जोर



बलिया। बच्चों के सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास में समर कैम्प की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को समर कैम्प से जोड़ना चाहिए, क्योंकि ऐसे कैम्प बच्चों को खेल-खेल में बहुत कुछ सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। उक्त बातें जनपद के वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री आनन्द दुबे ने कही। वह सोमवार को एनसीसी तिराहे के पास स्थित एक निजी होटल के सभागार में आयोजित “संकल्प” संस्था के समर कैम्प की दूसरी शाखा के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री आनन्द दुबे एवं विशिष्ट अतिथि श्री अजय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बच्चों और अभिभावकों में काफी उत्साह देखने को मिला।

कैम्प के संयोजक एवं “संकल्प” संस्था के सचिव वरिष्ठ रंगकर्मी आशीष त्रिवेदी ने बताया कि संस्था पिछले 16 वर्षों से गर्मी की छुट्टियों में समर कैम्प का आयोजन करती आ रही है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को खेल-खेल में कला की बारीकियों से परिचित कराना तथा उनके व्यक्तित्व को निखारना है।

उन्होंने बताया कि 25 मई से 20 जून तक चलने वाले इस समर कैम्प में 6 वर्ष से 16 वर्ष तक के बच्चे प्रतिभाग कर सकते हैं। कैम्प में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा तथा समापन अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में डॉ. अखिलेश सिन्हा, डॉ. भवतोष पाण्डेय, ट्विंकल गुप्ता, राहुल चौरसिया, तुषार पांडेय, रितिक गुप्ता, रिया वर्मा, भाग्यलक्ष्मी, प्रियांशु, प्रकृति, संस्कृति सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments