वाराणसी, 26 मई 2026। भारतीय रेलवे के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (Enhm) अभिषेक राय के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में 15 मई से 05 जून 2026 तक पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी की अध्यक्षता में मंडल चिकित्सालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.आर. सिंह, डॉ. ए.के. सिंह, मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. ममता, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक मंडल चिकित्सालय, स्वास्थ्य निरीक्षक बनारस, सहायक नर्सिंग अधिकारी तथा अन्य कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके साथ ही वाराणसी रेलवे स्टेशन पर भी कर्मचारियों द्वारा पौधरोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान वाराणसी मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर गौरैया सहित अन्य पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तन उचित स्थानों पर रखने एवं वितरित करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। वहीं पर्यावरण संरक्षण विषय पर पोस्टर पेंटिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
सफाई मित्रों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा सम्मानित भी किया गया। इस दौरान यात्रियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा बॉटल क्रशर मशीन के उपयोग की जानकारी देने के लिए स्टेशन परिसरों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। स्टेशनों पर प्लास्टिक प्रतिबंध को प्रभावी बनाने हेतु वेंडिंग स्टॉलों की निगरानी के साथ यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। उक्त जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने दी।





0 Comments