बलिया : मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर रेडक्रॉस की अनूठी पहल, बालिका गृह में बांटे सेनेटरी पैड


बलिया। महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वाभिमान और स्वच्छता से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण विषय “मासिक धर्म स्वच्छता” को लेकर गुरुवार को इण्डियन रेड क्रॉस सोसाइटी बलिया द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष मंगला प्रसाद सिंह के निर्देशन तथा कोषाध्यक्ष/जिला समन्वयक शैलेन्द्र पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश दिया गया।

निधरिया स्थित राजकीय बालिका गृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इण्डियन रेड क्रॉस सोसाइटी बलिया एवं जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के समाजकार्य विभाग से रेडक्रॉस सोसाइटी में इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राओं द्वारा बच्चियों के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। इस अवसर पर बच्चियों को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमण से बचाव तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।


कार्यक्रम में उपस्थित अधीक्षिका अमिता रानी जैन ने कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता महिलाओं एवं किशोरियों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में मासिक धर्म को लेकर जागरूकता की कमी और कई प्रकार की भ्रांतियां मौजूद हैं, जिन्हें दूर करने की जरूरत है। सुरक्षित एवं स्वच्छ सेनेटरी पैड के उपयोग से महिलाओं को कई प्रकार की बीमारियों और संक्रमण से बचाया जा सकता है।

वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर पूजा सिंह ने बच्चियों को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म कोई शर्म या संकोच का विषय नहीं, बल्कि महिलाओं की प्राकृतिक प्रक्रिया है। उन्होंने बच्चियों को नियमित स्वच्छता अपनाने, समय-समय पर सेनेटरी पैड बदलने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता से ही किशोरियों को स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन प्रदान किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान इंटर्नशिप कर रही छात्राओं ने बच्चियों को मासिक धर्म से जुड़े मिथकों एवं सामाजिक भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जागरूकता और स्वच्छता अपनाकर महिलाएं न केवल स्वस्थ रह सकती हैं, बल्कि आत्मविश्वास के साथ अपने दैनिक कार्य भी कर सकती हैं। छात्र-छात्राओं ने बच्चियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

इस सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के समाजकार्य विभाग से इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राओं में अविनाश सिंह नंदन, नितेश पाठक, खुश्बू तिवारी, राधा पर्वत, रुचि वर्मा, गरिमा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा किशोरियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।



Post a Comment

0 Comments