बलिया, 28 मई 2026। 93 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा बाबा राम दल पीजी कॉलेज, पकवा इनार बलिया में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन कैडेट्स को ड्रिल प्रशिक्षण के साथ-साथ मैप रीडिंग एवं ऑप्टिकल ट्रेनिंग का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामूहिक समन्वय एवं सैन्य कौशल का विकास करना रहा।
ड्रिल प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों ने कैडेट्स को परेड की विभिन्न गतिविधियों, कदमताल, सलामी एवं अनुशासन संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि ड्रिल केवल शारीरिक अभ्यास नहीं बल्कि आत्मविश्वास, समयपालन और टीम भावना विकसित करने का माध्यम भी है। कैडेट्स ने पूरे उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण में भाग लेते हुए प्रशिक्षकों के निर्देशों का गंभीरता से पालन किया।
इसके अतिरिक्त कैडेट्स को मैप रीडिंग की बारीकियों से अवगत कराया गया, जिसमें दिशा ज्ञान, नक्शे के संकेतों की पहचान, दूरी मापने की विधि तथा सैन्य उपयोगिता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। वहीं ऑप्टिकल ट्रेनिंग के अंतर्गत दूरबीन एवं अन्य उपकरणों के प्रयोग की जानकारी देकर कैडेट्स को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर शिविर कमांडेंट कर्नल अनुराग तिवारी, डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल रविंद्र किंग्रा, सूबेदार मेजर दिनेश कुमार, सूबेदार राम निशांत सिंह, सूबेदार विजय कुमार, एएनओ लेफ्टिनेंट हरिश्चंद्र पटेल, लेफ्टिनेंट आर.पी. शुक्ला, लेफ्टिनेंट अमित कुमार, लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज कुमार सिंह, वरिष्ठ सहायक हेमंत कुमार, वरिष्ठ सहायक राजेश कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ सहायक आर्यन सिंह एवं उमर कुरेशी सहित शिविर का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।



0 Comments