बलिया, दिनांक 01 मई 2026। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक (UPGB) का प्रथम स्थापना दिवस शुक्रवार को क्षेत्रीय कार्यालय, बलिया-1 के सभागार में अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बैंक के ग्राहकों, स्थानीय समाजसेवियों तथा कार्मिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया तथा उपस्थित जनों के बीच मिष्ठान वितरण कर खुशियाँ साझा की गईं।
स्थापना दिवस को और अधिक सार्थक एवं यादगार बनाने हेतु बैंक द्वारा “नवारम्भ – पहला कदम लक्ष्य की ओर” नामक एक वृहद जन-संपर्क अभियान भी संचालित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत बलिया क्षेत्र की सभी शाखाओं एवं क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों द्वारा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, किसानों एवं व्यापार मंडलों से सीधा संवाद स्थापित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य बैंक के बढ़ते ग्राहक आधार को और सुदृढ़ करना तथा अधिक से अधिक लोगों को बैंक की विकास यात्रा से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष ‘ग्राहक गोष्ठी’ में बैंक अधिकारियों ने उपस्थित ग्राहकों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं, आकर्षक जमा उत्पादों तथा सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर बैंक प्रबंधन ने अपनी प्रगति का श्रेय ग्राहकों के अटूट विश्वास को देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सुधीर कुमार शुक्ला ने बैंक की एक वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दिनांक 01 मई 2025 को भारत सरकार की “एक राज्य, एक ग्रामीण बैंक” योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक का गठन हुआ था। उन्होंने कहा कि एकीकरण का प्रारंभिक दौर चुनौतियों से भरा रहा, किंतु बैंक के कार्मिकों के समर्पण, परिश्रम एवं टीम भावना के कारण सभी चुनौतियों को सफलतापूर्वक पार किया गया। आज बैंक अपनी प्रथम वर्षगांठ गर्व एवं उत्साह के साथ मना रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि बैंक “ग्राहक हित सर्वोपरि” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने तथा वित्तीय समावेशन को गति देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बैंक के सम्मानित ग्राहक, प्रबुद्ध नागरिक एवं शाखाओं के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने बैंक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बैंकिंग सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।


0 Comments