बलिया : अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर बलिया में श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य शिविर, 100 मजदूरों का हुआ परीक्षण


बलिया। 01 मई 2026 को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर सामाजिक वानिकी प्रभाग बलिया द्वारा श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए एक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर वन विहार परिसर स्थित बैठक कक्ष में जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग बलिया के निर्देशन में संपन्न हुआ।

शिविर में जनपद के विभिन्न रेंजों से आए लगभग 100 दैनिक श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत श्रमिकों को उनकी आवश्यकतानुसार दवाएं वितरित की गईं। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए सभी को ओआरएस के पैकेट भी प्रदान किए गए, ताकि वे लू और डिहाइड्रेशन से सुरक्षित रह सकें।


इस अवसर पर सभी रेंज स्तर पर गोष्ठी एवं कार्यशालाओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रमिकों को आगामी वृक्षारोपण अभियान 2026 के लिए जागरूक एवं संवेदनशील किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिकों को फल, मिठाई, चना, गुड़ और गमछा वितरित कर उनका सम्मान किया गया।

मुख्य स्वास्थ्य शिविर में जनपद की मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्वयं उपस्थित रहीं और डॉक्टर अभिषेक मिश्रा के साथ मिलकर श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग बलिया एवं चिकित्सा अधिकारियों ने श्रमिकों को उनके अधिकारों की जानकारी दी तथा गर्मी और लू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया।


कार्यक्रम को सफल बनाने में उप प्रभागीय वनाधिकारी बलिया सहित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा। यह पहल न केवल श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि उनके सम्मान और सशक्तिकरण का भी प्रतीक है।



Post a Comment

0 Comments