श्रमेव जयते” के संकल्प के साथ 23 मई को लखनऊ में होगा ऐतिहासिक पत्रकार महाकुंभ


लखनऊ। श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर “श्रमेव जयते” के उद्घोष के साथ श्रमिकों और कर्मयोगियों को नमन करते हुए उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। समिति के महासचिव ज्ञानेश पाठक ने बताया कि आगामी 23 मई 2026 को राजधानी लखनऊ में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य “पत्रकार महाकुंभ” का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि श्रमिक हमारे समाज के सच्चे शिल्पकार हैं, जिनकी मेहनत और संकल्प से ही विकास की नींव मजबूत होती है। उनका धैर्य, समर्पण और मौन तपस्या हर परिवर्तन की असली शक्ति है। इसी भावना के साथ सभी मान्यता प्राप्त एवं गैर मान्यता प्राप्त पत्रकारों को श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

महासचिव ने प्रदेश के सभी पत्रकारों से अपील की कि वे वैचारिक मतभेदों को दरकिनार करते हुए इस महाकुंभ में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक बन सके। उन्होंने विश्वास दिलाया कि समिति पत्रकारों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और पेंशन, मेडिकल सुविधा, आवास एवं बीमा जैसी मूलभूत सुविधाओं को शत-प्रतिशत लागू कराने के लिए गंभीर प्रयास करेगी। साथ ही अगले छह माह में ठोस परिणाम देने का भरोसा भी जताया।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए टीम वर्क के साथ तैयारियां की जा रही हैं, जिससे बाहर से आने वाले पत्रकारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन के दौरान सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे, जिन्हें मुख्यमंत्री और राज्यपाल के हाथों वितरित कराने का प्रयास किया जाएगा।

समिति ने सभी पत्रकारों से आह्वान किया है कि वे एकजुट होकर इस आयोजन को सफल बनाने में अपनी पूरी ऊर्जा और सहयोग दें। कार्यक्रम के स्थान और समय की घोषणा 10 मई तक कर दी जाएगी।

यह पत्रकार महाकुंभ न केवल हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्षों का उत्सव होगा, बल्कि पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और एकता को नई दिशा देने का भी महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।



Post a Comment

0 Comments