कैशलेस ट्रीटमेंट की घोषणा का बिहार के सरकारी कर्मियों ने किया स्वागत


महासंघ (गोप गुट) ने पुरानी पेंशन योजना भी लागू करने की मांग की

परिवर्तन चक्र विनोद प्रसाद 

पटना। कर्मचारी नेता एवं महासंघ (गोप गुट) के महासचिव प्रेमचंद कुमार सिन्हा ने राज्यकर्मियों एवं सेवानिवृत कर्मियों को बेहतर ईलाज हेतु कैशलेस ट्रीटमेंट की सुविधा देने के निर्णय का स्वागत किया है एवं मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया है। 

उन्होंने कहा कि राज्यकर्मियों की ज्वलंत व जरुरी मांग पर सरकार द्वारा देर से ही सही सकारात्मक निर्णय लिया गया, जिससे कर्मचारियों/शिक्षकों में खुशी व्याप्त है। महासंघ (गोप गुट) की ओर से भी समय-समय पर इस संबंध में अनुरोध किया जाता रहा। श्री सिन्हा ने आगे बताया कि राज्यकर्मियों को बाह्य चिकित्सा हेतु प्रति माह मात्र ₹1000 का भुगतान किया जाता था तथा गंभीर रूप से बीमार अथवा दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति में उपचार पर किये गये व्यय की राशि की प्रर्तिपूर्ति की व्यवस्था थी, जो इलाज के पश्चात संबंधित कर्मियों द्वारा इलाज से संबंधित विपत्र आदि जमा करने के बाद भुगतान किया जाता था, जिसमें कई माह अथवा वर्षों का समय व्यतीत हो जाता था। गंभीर रूप से बीमार अथवा दुर्घटनाग्रस्त होने पर इस बढ़ती महंगाई में राज्यकर्मी स्वयं अथवा परिजनों का बेहतर इलाज पैसे के अभाव में तत्काल कराने में अक्षम साबित होते थे अथवा उन्हें कर्ज लेना पड़ता था, जिससे उनकी आर्थिक कठिनाई और बढ़ जाती थी। कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने से बढ़ती महंगाई में कुछ राहत मिलने की संभावना है एवं बेहतर चिकित्सा संभव हो सकेगी। उन्होंने कैशलेस ट्रीटमेंट की विस्तृत नियमावली जल्द जारी करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने राज्य कर्मियों एवं उनके परिजनों के हित में पुरानी पेंशन योजना को लागू करने की लम्बित मांग पर भी सकारात्मक निर्णय शीघ्र लेने का अनुरोध किया।

Post a Comment

0 Comments