विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत लखनऊ मंडल में चला व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान


लखनऊ, 20 मई 2026 एक। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान” एवं “पर्यावरण संरक्षण पखवाड़ा” के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा आज प्रमुख रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/फ्रेट एवं ईएनएचएम श्री महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया।


अभियान के दौरान यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों, वेंडरों एवं संविदा सफाई कर्मियों को स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग जंक्शन, बस्ती एवं गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के प्रति जागरूक किया गया तथा हरे, नीले एवं पीले डस्टबिनों के सही उपयोग की जानकारी दी गई।


रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए यात्रियों एवं वेंडरों को बायोडिग्रेडेबल एवं पुनः उपयोग योग्य सामग्री अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही प्लेटफार्म, ट्रैक, नालियों, पार्कों, कार्यालयों एवं रेलवे कॉलोनियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। वेंडरों एवं संविदा सफाई कर्मचारियों ने श्रमदान कर खान-पान स्टॉलों के आसपास साफ-सफाई की।


अभियान के अंतर्गत यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं ऊर्जा बचत से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए तथा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता रैलियां भी निकाली गईं। “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “पानी बचाओ, धरती बचाओ” एवं “प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण अपनाओ” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान में लगभग 800 लोगों ने सहभागिता करते हुए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। उक्त जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने दी।



Post a Comment

0 Comments