बलिया : बच्चों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम बना संकल्प का समर कैम्प

बलिया। बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से संकल्प संस्था द्वारा आयोजित समर कैम्प का शुभारंभ बुधवार को अमृतपाली स्थित कैम्प कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्सयायन ने किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समर कैम्प बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर प्रदान करता है। मनोविज्ञान भी यह बताता है कि जो व्यक्ति कला के किसी माध्यम से जुड़ा होता है, वह अधिक संवेदनशील और मानवीय बनता है। उसके भीतर हिंसा का भाव कम होता है। उन्होंने कहा कि बलिया जनपद में संकल्प संस्था द्वारा किया जा रहा यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. रितेश सोनी ने कहा कि वर्तमान समय की मांग है कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ किसी न किसी कला से अवश्य जोड़ा जाए। इससे बच्चों का व्यक्तित्व विकास होने के साथ-साथ वे मानसिक रूप से भी मजबूत बनते हैं।

समर कैम्प के संयोजक एवं संकल्प संस्था के सचिव वरिष्ठ रंगकर्मी आशीष त्रिवेदी ने बताया कि संस्था पिछले 16 वर्षों से गर्मी की छुट्टियों में समर कैम्प का आयोजन करती आ रही है। इसका उद्देश्य बच्चों को खेल-खेल में कला की बारीकियां सिखाना और उनके व्यक्तित्व को निखारना है। उन्होंने बताया कि कैम्प में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा तथा समापन अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर भी मिलेगा।

20 मई से 20 जून तक चलने वाले इस समर कैम्प में 6 से 16 वर्ष तक के बच्चे प्रतिभाग कर सकते हैं। इस वर्ष कैम्प का आयोजन अमृतपाली स्थित संकल्प कैम्प कार्यालय में किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में पत्रकार अशोक जी, डॉ. अखिलेश सिन्हा, डॉ. कादम्बिनी सिंह, डॉ. राजेन्द्र भारती, ट्विंकल गुप्ता, राहुल चौरसिया, तुषार पांडेय, रितिक गुप्ता, रिया वर्मा, भाग्यलक्ष्मी, प्रियांशु, प्रकृति, संस्कृति सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments