गोमतीनगर कोचिंग डिपो को मिली बड़ी उपलब्धि, एक साथ हासिल किए 4 ISO और 5S प्रमाण पत्र


लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के गोमतीनगर कोचिंग डिपो (कैरेज एंड वैगन) ने यात्री सुरक्षा, गुणवत्ता प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए एक साथ चार ISO प्रमाण-पत्र एवं जापानी 5S प्रमाणन हासिल कर महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है।


गोमतीनगर कोचिंग डिपो में यात्री कोचों का अनुरक्षण, सुरक्षा जांच तथा स्वच्छता सुनिश्चित करने का कार्य किया जाता है। डिपो को ISO 9001 गुणवत्ता प्रबंधन, ISO 14001 पर्यावरण प्रबंधन, ISO 45001 व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा तथा ISO 50001 ऊर्जा प्रबंधन के लिए प्रमाणित किया गया है। इसके साथ ही डिपो को जापानी कार्यप्रणाली पर आधारित 5S प्रमाणन भी प्राप्त हुआ है।


5S प्रणाली में Sort, Set in Order, Shine, Standardize एवं Sustain शामिल हैं। इसका उद्देश्य कार्यस्थल को व्यवस्थित, स्वच्छ और अधिक कुशल बनाना, समय की बचत करना तथा अपशिष्ट को कम करना होता है।


इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि यह सफलता पूरी टीम की मेहनत, अनुशासन और गुणवत्ता के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने डिपो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने की अपेक्षा जताई।


इस संबंध में जानकारी महेश गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा दी गई।



Post a Comment

0 Comments