बलिया : संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स ने सीखी फायरिंग और ड्रिल की बारीकियां



बलिया, 24 मई 2026। 93 यू०पी० बटालियन एनसीसी, बलिया द्वारा बाबा राम दल पकवा इनार में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन कैडेट्स में अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति का विशेष उत्साह देखने को मिला। शिविर के दौरान कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के अंतर्गत फायरिंग प्रैक्टिस एवं ड्रिल का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

सुबह के सत्र में सेना अधिकारियों की देखरेख में कैडेट्स को .22 राइफल से फायरिंग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान हथियारों के सुरक्षित संचालन, निशानेबाजी की तकनीक तथा सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई। कैडेट्स ने पूरी गंभीरता, अनुशासन और एकाग्रता के साथ अभ्यास में भाग लेते हुए अपने कौशल का प्रदर्शन किया।

शिविर कमांडेंट कर्नल अनुराग तिवारी ने कहा कि संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि फायरिंग एवं ड्रिल जैसे प्रशिक्षण कैडेट्स को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं तथा उन्हें सैन्य जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल रविंद्र किंग्रा ने कैडेट्स के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के प्रति उनकी लगन और समर्पण भविष्य में उन्हें बेहतर नागरिक और जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता बनने में सहायक सिद्ध होगा।

शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं। आगामी दिनों में कैडेट्स को मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, प्राथमिक चिकित्सा, व्यक्तित्व विकास तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सेवा भावना को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।



Post a Comment

0 Comments