यूपी में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : 19 पीसीएस अधिकारियों के हुए तबादले



योगी सरकार ने प्रशासनिक कसावट के तहत किए व्यापक तबादले, कई अहम पदों पर नए अफसरों की नियुक्ति

बलिया के सीआरओ त्रिभुवन को अपर जिलाधिकारी बदायूं बनाए गए 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 19 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा जारी तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस प्रशासनिक बदलाव को शासन की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने तथा जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

जारी सूची के अनुसार, सुल्तानपुर के मुख्य राजस्व अधिकारी आलोक कुमार वर्मा को अपर आयुक्त, वाराणसी मंडल के पद पर तैनात किया गया है। वहीं भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलसचिव एवं संस्कृति निदेशालय में अपर निदेशक सृष्टि धवन को सुल्तानपुर का नया मुख्य राजस्व अधिकारी बनाया गया है।

गौतमबुद्ध नगर से स्थानान्तरणाधीन अपर जिलाधिकारी सुशील प्रताप सिंह को कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, अपर निदेशक संस्कृति निदेशालय, लखनऊ तथा संयुक्त सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

नगर निगम वाराणसी में अपर नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत दुर्गेश मिश्रा को गोरखपुर नगर निगम भेजा गया है, जबकि गोरखपुर नगर निगम की स्थानान्तरणाधीन अपर नगर आयुक्त सीमा पांडेय को वाराणसी में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मेरठ में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर कार्यरत बृजेश कुमार सिंह को उनके पद पर यथावत रखा गया है, जबकि स्थानान्तरणाधीन अनिरुद्ध प्रताप सिंह को मुजफ्फरनगर का अपर जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्नाव के नगर मजिस्ट्रेट राजीव राज को जालौन का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है, वहीं जालौन के उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह को नगर मजिस्ट्रेट उन्नाव की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रयागराज स्थित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में उप सचिव गौरव रंजन श्रीवास्तव को नगर निगम गोरखपुर का अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं चंदौली के उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज में उप सचिव बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त, बुलंदशहर, सीतापुर, गाजीपुर, हरदोई, हाथरस, बदायूं और बलिया समेत कई जिलों में भी प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। बलिया के मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन को अपर जिलाधिकारी बदायूं भेजा गया है, जबकि बदायूं के अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार पाल को बलिया का नया मुख्य राजस्व अधिकारी नियुक्त किया गया है।

प्रदेश सरकार के इस देर रात हुए प्रशासनिक फेरबदल को शासन-प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने और व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।





Post a Comment

0 Comments