बलिया। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी, तेज धूप और लगातार बढ़ते हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी बोर्डों के विद्यालयों में पठन-पाठन कार्य 15 जून 2026 तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान समय में कुछ निजी विद्यालयों द्वारा विद्यालय खोलकर पढ़ाई कराए जाने की जानकारी संज्ञान में आई है, जबकि अत्यधिक गर्मी बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसे देखते हुए जनहित एवं छात्रहित में यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा जारी वर्ष 2026 की अवकाश तालिका के तहत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों के लिए 20 मई 2026 से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मावकाश निर्धारित है। इसी क्रम में परिषदीय, मान्यता प्राप्त, वित्तविहीन तथा अन्य सभी बोर्डों के विद्यालयों में भी उक्त अवधि तक पठन-पाठन पूरी तरह बंद रहेगा।
बीएसए ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 जून 2026 तक कोई भी विद्यालय खुला पाया गया अथवा पठन-पाठन संचालित करते हुए मिला, तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होगी।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय संचालकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भीषण गर्मी के बीच बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुरक्षित रखा जा सके।



0 Comments