डीआरएम आशीष जैन का गाजीपुर सिटी स्टेशन का औचक निरीक्षण, यात्री सुविधाओं व पुनर्विकास कार्यों में तेजी के निर्देश


वाराणसी, 18 अप्रैल 2026। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन ने शनिवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ गाजीपुर सिटी स्टेशन एवं क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाराणसी सिटी–गाजीपुर सिटी रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए पूर्वाह्न गाजीपुर सिटी स्टेशन पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम श्री जैन ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, वाटर बूथ सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी प्लेटफार्मों पर पंखे एवं वॉटर कूलर लगाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। साथ ही अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।


उन्होंने स्टेशन पर परिचालन व्यवस्था, संरक्षा उपकरणों और साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी क्रम में गाजीपुर सिटी स्टेशन पर स्वच्छ लिनन आपूर्ति हेतु मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री और सीनियर सेक्शन कार्यालय (कार्य) का भी निरीक्षण कर रख-रखाव को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया।

इससे पूर्व डीआरएम ने सैदपुर भीतरी स्टेशन यार्ड में किमी 165/37 पर स्थित समपार संख्या 3S/T का संरक्षा निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात गेटमैन मनोज कुमार के संरक्षा ज्ञान का परीक्षण किया।


निरीक्षण के क्रम में उन्होंने गाजीपुर स्थित क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान का भी दौरा किया, जहां आवासीय एवं खेल परिसर का निरीक्षण करते हुए अशोक का पौधरोपण किया। इसके बाद उन्होंने संस्थान के प्रधानाचार्य श्री पवन कुमार मिश्रा के साथ कक्षाओं, ई-1 मॉडल रूम, लोको पायलट, स्टेशन मास्टर एवं ट्रेन प्रबंधक के प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा प्रयोगशाला कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षु कर्मचारियों के ज्ञान का भी आकलन किया गया।

संस्थान की व्यवस्थाओं से संतुष्ट होकर डीआरएम श्री जैन ने क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान को प्रोत्साहन स्वरूप 20 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।



इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्री विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री रजत प्रिय, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर श्री सौरभ राठौर, मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रमेश पाण्डेय, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। उक्त जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी द्वारा दी गई।



Post a Comment

0 Comments