बलिया : 27 जून से बदल जाएगी बच्चों की दिनचर्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश



बलिया। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी, तेज धूप और तापमान में हो रही वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने आदेश जारी कर जनपद के सभी कक्षा 1 से 8 तक संचालित विद्यालयों के समय में बदलाव कर दिया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार जनपद के समस्त परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, मदरसा तथा अन्य बोर्डों से संचालित कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में 27 जून 2026 से अग्रिम आदेश तक पठन-पाठन का समय प्रातः 7:00 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह निर्णय भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे तथा इस अवधि में शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अन्य आवश्यक कार्यों का संपादन करेंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से जनपद में तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। सुबह के समय भी तेज धूप और उमस के कारण बच्चों को विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में विद्यालयों के समय में परिवर्तन का यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को पर्याप्त पानी की बोतल, हल्के सूती वस्त्र और आवश्यक सावधानियों के साथ विद्यालय भेजें तथा भीषण गर्मी से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मौसम की परिस्थितियों के अनुसार आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।




Post a Comment

0 Comments