वाराणसी मंडल में अवैध वेंडिंग पर सख्ती : ट्रेनों और स्टेशनों पर अभियान, बिना टिकट यात्री व अवैध पानी जब्त


वाराणसी, 14 अप्रैल 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में अवैध वेंडिंग और अनधिकृत पानी की बोतल बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान के नेतृत्व में वाणिज्य निरीक्षकों की टीम द्वारा छपरा, सीवान, बलिया एवं गाजीपुर सिटी सहित प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।


इसी क्रम में 14 अप्रैल को गाड़ी संख्या 12562 डाउन स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में बलिया से छपरा जंक्शन के बीच पेंट्री कार में जांच के दौरान 6 व्यक्ति बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। सभी का पेनाल्टी सहित टिकट बनाकर कुल 4910 रुपये रेल राजस्व के रूप में वसूले गए। इसके साथ ही पेंट्री कार से 70 बोतल अनाधिकृत “दिव्य जल (PDW)” पानी जब्त कर पार्सल कार्यालय छपरा जंक्शन को अग्रिम कार्रवाई हेतु सौंपा गया।


वहीं, गाड़ी संख्या 14006 डाउन लिच्छवी एक्सप्रेस में मऊ से सिवान जंक्शन के बीच पेंट्री कार में 12 कार्टन अनाधिकृत “ANUJAL” ब्रांड पानी पकड़ा गया, जिसे सीज कर वाणिज्य अधीक्षक सिवान को आगे की कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया गया।


इसके अलावा गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर भी अभियान के तहत 3 अनाधिकृत वेंडरों को पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, कोल्ड ड्रिंक एवं आइसक्रीम बेचते हुए पकड़ा गया। उन्हें सामान सहित रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गाजीपुर सिटी को कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।



पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



Post a Comment

0 Comments