भूमि पूजन के साथ कई बड़ी परियोजनाओं का किया जिक्र, मेडिकल कॉलेज और फोरलेन नेटवर्क का भी दिया भरोसा
बलिया। प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दुबहड़ से चंदवक होते हुए ढेलहवा बाबा तक बनने वाली लगभग 46 करोड़ रुपये की सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सड़क परियोजना क्षेत्र के विकास, बेहतर आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी।
मंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता बलिया विधानसभा को प्रदेश के सबसे विकसित क्षेत्रों में शामिल करना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र में करीब 2500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनका लाभ आने वाले समय में आम जनता को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास के मामले में बलिया अब किसी भी क्षेत्र से पीछे नहीं रहेगा।
उन्होंने बताया कि वैना बाईपास का निर्माण लगभग 390 करोड़ रुपये की लागत से प्रथम चरण में कराया जा रहा है। इसके पूरा होने पर शहर की जाम की समस्या में काफी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल और अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि बलिया के बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास भी शीघ्र ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से कराया जाएगा। मेडिकल कॉलेज बनने से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और गंभीर उपचार के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी।
दयाशंकर सिंह ने कहा कि भविष्य में बलिया विधानसभा क्षेत्र चारों ओर से फोरलेन सड़कों के नेटवर्क से जुड़ जाएगा। बेहतर सड़क संपर्क से उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा मिलेगा तथा विकास प्राधिकरण के गठन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि सरकार बलिया के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है और जिन परियोजनाओं का आज शिलान्यास किया जा रहा है, उनका उद्घाटन भी समयबद्ध तरीके से कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक बलिया अपेक्षित विकास से वंचित रहा। जनेश्वर मिश्र सेतु और विश्वविद्यालय जैसी कुछ महत्वपूर्ण परियोजनाओं के बाद अब वर्तमान सरकार ने विकास की रफ्तार तेज कर दी है। सेतु के एप्रोच रोड का निर्माण कर उसकी उपयोगिता बढ़ाई जा रही है, वहीं विश्वविद्यालय के विकास के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
मंत्री ने बताया कि उजियार क्षेत्र में जहाज निर्माण कारखाना स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। इसके लिए लगभग आठ एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर वशिष्ठ राय, ब्लॉक प्रमुख शशांक शेखर तिवारी, अनिल पांडेय, मंडल अध्यक्ष रिंकू दुबे, पूर्व प्रमुख गुड्डू राय, विवेक पाठक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।





0 Comments