लखनऊ, 14 अप्रैल 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अवैध वेंडरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में गोरखपुर एवं गोंडा जंक्शन स्टेशनों पर सघन जांच अभियान संचालित किया गया।
इस दौरान 12597 अंत्योदय एक्सप्रेस, 15023 यशवंतपुर एक्सप्रेस, 14674 शहीद एक्सप्रेस, 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस तथा 12587 अमरनाथ एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में गहन जांच की गई। जांच के दौरान कुल 3782 अधोमानक पेयजल बोतलें बरामद की गईं, जिन्हें तत्काल जब्त कर नियमानुसार एल.पी.ओ. में जमा कराया गया।
रेल प्रशासन द्वारा चलाया गया यह अभियान यात्रियों को ओवरचार्जिंग और अनाधिकृत वेंडरों से बचाने के उद्देश्य से किया गया। इससे ट्रेनों में बिकने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।



0 Comments