वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक और आधुनिक पहल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री रजत प्रिय के नेतृत्व में बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार (प्लेटफार्म संख्या 8 की ओर) स्थित पार्किंग क्षेत्र में 6-लाइन का डिजिटल ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड स्थापित कर चालू कर दिया गया है।
इस नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान की स्थिति, प्लेटफार्म नंबर तथा समय की सटीक जानकारी तुरंत मिल सकेगी। इससे न केवल यात्रियों को सहूलियत होगी, बल्कि स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन में भी काफी मदद मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों की श्रृंखला में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके। अब यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी के लिए प्लेटफार्म तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, बल्कि प्रवेश द्वार पर ही उन्हें सभी जरूरी सूचनाएं उपलब्ध हो जाएंगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यह सुविधा यात्रियों के समय की बचत के साथ-साथ उनकी यात्रा को अधिक सुव्यवस्थित बनाने में सहायक सिद्ध होगी।


0 Comments