बलिया जिले में हीटवेव को लेकर प्रशासन अलर्ट, एडीएम ने जारी की एडवाइजरी


*हीटवेव से बचाव के लिए प्रशासन सख्त, नागरिकों को दिए जरूरी निर्देश*

*भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट : अपर जिलाधिकारी ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील*

बलिया। ग्रीष्म ऋतु के बढ़ते तापमान को देखते हुए जनपद प्रशासन ने लू (हीटवेव) से बचाव के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि नागरिकों को सतर्क रहकर जरूरी सावधानियां अपनानी चाहिए, क्योंकि अत्यधिक गर्मी स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। एडीएम के अनुसार, भारतीय मौसम विभाग के मानकों के तहत यदि किसी स्थान का तापमान लगातार तीन दिनों तक सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहता है, तो उसे हीटवेव माना जाता है। वहीं विश्व मौसम संगठन के अनुसार, पांच दिनों तक तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहने या लगातार दो दिन 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने पर भी लू घोषित की जाती है।

*लू लगने के कारण और जोखिम*

अधिक तापमान में लंबे समय तक रहने, गर्म हवाओं के संपर्क में आने और शरीर में पानी व नमक की कमी होने से लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। बुजुर्ग, हृदय रोगी, मधुमेह से पीड़ित, मोटापे से ग्रस्त और कुछ विशेष दवाओं का सेवन करने वाले लोगों में इसका जोखिम अधिक रहता है।

*प्रमुख लक्षण*

लू के दौरान शरीर में कई गंभीर लक्षण दिखाई दे सकते हैं, जैसे— त्वचा का गर्म और सूखा होना, पसीना न आना, तेज नाड़ी और सांस चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी या कमजोरी भ्रम की स्थिति या बेहोशी।

विशेषज्ञों के अनुसार, यदि शरीर का तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाए, तो मस्तिष्क और अन्य आंतरिक अंगों पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

*बचाव के उपाय*

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि—पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, भले प्यास न लगे। 

हल्के रंग और ढीले कपड़े पहनें धूप में निकलते समय टोपी, छाता और चश्मे का उपयोग करें, यात्रा के दौरान पानी साथ रखें।

ORS, लस्सी, छाछ और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थ लें घर को ठंडा रखने के लिए पर्दों और वेंटिलेशन का उपयोग करें।

*क्या न करें*

दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, बच्चों और जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ें, भारी, तंग और गहरे रंग के कपड़े न पहनें, अधिक प्रोटीन, बासी भोजन और शराब/कैफीन से परहेज करें।

प्रशासन ने यह भी कहा कि लक्षण दिखने पर तुरंत छायादार स्थान पर आराम करें और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लें। श्रमिकों और बाहर काम करने वाले लोगों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जनपद प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे हीटवेव से जुड़ी चेतावनियों पर ध्यान दें और सुरक्षित रहने के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



Post a Comment

0 Comments