होमगार्ड परीक्षा के लिए विशेष ट्रेन : ऐशबाग–गोरखपुर रूट पर 25 से 27 अप्रैल तक चलेगी अनारक्षित गाड़ी


लखनऊ, 24 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश होमगार्ड परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष अनारक्षित परीक्षा ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष गाड़ी ऐशबाग से गोरखपुर के बीच 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को संचालित की जाएगी, जिससे परीक्षार्थियों को यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, विशेष गाड़ी संख्या 05050 ऐशबाग से रात्रि 20:45 बजे प्रस्थान करेगी। यह गाड़ी बादशाह नगर से 21:18 बजे, बाराबंकी से 22:03 बजे, जरवल रोड से 22:48 बजे, करनैलगंज से 23:06 बजे, गोंडा से 23:50 बजे, मनकापुर से रात्रि 00:15 बजे, बस्ती से 01:40 बजे तथा खलीलाबाद से 02:10 बजे छूटते हुए गोरखपुर स्टेशन पर प्रातः 03:30 बजे पहुंचेगी।

वापसी में विशेष परीक्षा गाड़ी संख्या 05049 गोरखपुर से ऐशबाग के लिए 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को चलाई जाएगी। यह गाड़ी गोरखपुर से प्रातः 04:55 बजे प्रस्थान कर खलीलाबाद से 05:34 बजे, बस्ती से 06:03 बजे, मनकापुर से 06:52 बजे, गोंडा से 07:20 बजे, करनैलगंज से 07:48 बजे, जरवल रोड से 08:05 बजे, बाराबंकी से 09:00 बजे तथा बादशाहनगर से 09:36 बजे होते हुए ऐशबाग जंक्शन पर 10:20 बजे पहुंचेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों एवं परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे इस विशेष ट्रेन सेवा का अधिकतम लाभ उठाएं और समय से यात्रा कर सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंचें। इस संबंध में जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता द्वारा दी गई है।



Post a Comment

0 Comments