लखनऊ, 15 अप्रैल 2025। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित बहुउद्देश्यीय हाल में आज भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात मंडल की कला समिति के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल यादव ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत करते हुए बाबा साहब के विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का व्यक्तित्व एक प्रेरणास्रोत है और उनके समानता के सिद्धांत समाज को सदैव मार्गदर्शन देते रहेंगे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने डॉ. अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके सामाजिक योगदान तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के अधिकार और शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में महिलाओं की शिक्षा की भूमिका अत्यंत अहम होती है। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि, महर्षि वेदव्यास तथा महात्मा ज्योतिबा फुले के योगदान का भी उल्लेख करते हुए सामाजिक जागरूकता और समानता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं वक्ताओं—श्री नवनीत वर्मा, श्री सुमित अंबेडकर, श्री संजय यादव, श्री राकेश चन्द्र वर्मा, श्री जितेन्द्र सिंह, श्री सम्पतराम मीना, श्री राजेश सब्बरवाल तथा श्री चन्द्रशेखर—ने बाबा साहब के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर: भारत के सामाजिक न्याय के वास्तुकार’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार श्री अंकित गिरि, द्वितीय पुरस्कार श्री आशुतोष यादव तथा तृतीय पुरस्कार श्री जितेन्द्र सिंह को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी श्री महेश गुप्ता ने किया, जबकि सहायक कार्मिक अधिकारी श्री प्रदीप भारती ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीमती नीतू, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री भुवनेश सिंह सहित सभी शाखा अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता, पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ द्वारा दी गई।






0 Comments