वाराणसी रेल मंडल T-20 प्रतियोगिता में रोमांच : परिचालन और विद्युत पावर टीमों ने दर्ज की शानदार जीत


वाराणसी, 15 अप्रैल 2026। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के क्रीड़ा स्थल पर आयोजित अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में आज खेले गए दोनों मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी श्री बालेन्द्र पाल के नेतृत्व में प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया जा रहा है।

पहला मुकाबला विद्युत टीआरडी (कर्षण) और परिचालन विभाग के बीच खेला गया। विद्युत टीआरडी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 167 रन बनाए। टीम की ओर से राजकुमार राउत ने शानदार 61 रन, भानु प्रताप ने 27 रन और वरुण राय ने 19 रन का योगदान दिया। जवाब में परिचालन विभाग की टीम ने 168 रनों का लक्ष्य मात्र 15.1 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अनुराग फिलिप्स ने शानदार 74 रन की पारी खेली, जबकि अरविंद और गौरव ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। परिचालन विभाग के गजानन को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।


दूसरा मुकाबला विद्युत लोको शेड और विद्युत पावर के बीच खेला गया। विद्युत लोको शेड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 177 रन बनाए, जिसमें रामगोपाल ने 56 रन और सुरेंद्र ने 37 रन की उपयोगी पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए विद्युत पावर की टीम ने 16.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 178 रन बनाते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की। टीम की ओर से नादिर ने शानदार 96 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि रामदयाल और अखिल ने भी अहम योगदान दिया। नादिर को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखने लायक रही। आयोजकों ने बताया कि आगे भी इसी तरह के मुकाबलों के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

उक्त जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी द्वारा दी गई।



Post a Comment

0 Comments