वाराणसी, 15 अप्रैल 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में ट्रेनों के भीतर अवैध वेंडिंग और अनधिकृत पानी की बोतलों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान के नेतृत्व में वाणिज्य निरीक्षकों की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में 15 अप्रैल 2026 को छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान गाड़ी संख्या 02564 नई दिल्ली-बरौनी एक्सप्रेस एवं गाड़ी संख्या 19166 सावरमती एक्सप्रेस के स्लीपर कोचों में जांच की गई।
जांच के दौरान कुल 11 अनधिकृत वेंडरों को पकड़ा गया, जो अवैध रूप से चना, पेड़ा, बिस्कुट तथा 79 बोतल बंद पानी बेचते हुए पाए गए। रेलवे टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को पकड़कर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, छपरा के सुपुर्द कर दिया, जहां उनके खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि ट्रेनों में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
उक्त जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी द्वारा दी गई।




0 Comments