वाराणसी, 15 अप्रैल 2026। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में आज भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) श्री विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (द्वितीय) श्री विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री बलेंद्र पाल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने कहा कि बाबा साहब केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि समानता, न्याय और अधिकारों की सशक्त आवाज हैं। उन्होंने भारतीय संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान किए। उनके प्रयासों से समाज के वंचित वर्गों को सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीने का अवसर मिला है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि बाबा साहब के विचारों को अपने जीवन में अपनाकर एक शिक्षित, संगठित और सशक्त समाज का निर्माण करें।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए सहायक कार्मिक अधिकारी श्री वीरेन्द्र यादव ने बाबा साहब के जीवन और संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने सामाजिक भेदभाव और विषमताओं के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। महाड़ सत्याग्रह, चावदार तालाब आंदोलन और मंदिर प्रवेश आंदोलनों के माध्यम से उन्होंने समाज में समानता की नींव मजबूत की। भारतीय संविधान के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है, जिसमें समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय के मूल्यों को स्थान दिया गया है।
इस दौरान विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बाबा साहब के व्यक्तित्व, विचारधारा और सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित “डॉ. भीमराव अंबेडकर: भारत के सामाजिक न्याय के वास्तुकार” विषयक निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर श्री अमित तिवारी, द्वितीय स्थान पर श्री सुरेंद्र यादव एवं तृतीय स्थान पर श्री हैप्पी चौहान रहे, जिन्हें क्रमशः 2000, 1500 और 1000 रुपये का नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक कार्मिक अधिकारी श्री वीरेन्द्र यादव ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम की जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार द्वारा दी गई।






0 Comments