बलिया : शिवपुर दियर की बेटी डॉ. नलिनी सिंह का KGMU में चयन, जनपद का नाम रोशन, क्षेत्र में खुशी की लहर


*एक ही परिवार की चार बेटियां चिकित्सा क्षेत्र में, ‘मातृशक्ति’ बनी प्रेरणा*

दुबहर। क्षेत्र के शिवपुर दियर नई बस्ती निवासी पूर्व नौसैनिक के.डी. सिंह की सुपुत्री डॉ. नलिनी सिंह ने लखनऊ स्थित देश के प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रेजिडेंट डॉक्टर के पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल व्याप्त हो गया, वहीं उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

डॉ. नलिनी सिंह की प्रारंभिक शिक्षा मुंबई में हुई। इसके उपरांत उन्होंने चिकित्सा की उच्च शिक्षा के लिए चीन जाकर MBBS की डिग्री प्राप्त की। भारत लौटने के बाद वे MD की तैयारी में जुटी हुई थीं। कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर उनका चयन देश के अग्रणी चिकित्सा संस्थान KGMU में हुआ, जो उनकी मेधा और संघर्ष का प्रतिफल है।

इस सफलता को और भी विशेष बनाता है उनका पारिवारिक परिवेश, जहां ‘मातृशक्ति’ का चिकित्सा क्षेत्र के प्रति अटूट समर्पण देखने को मिलता है। डॉ. नलिनी की बड़ी बहन डॉ. अपराजिता सिंह वर्तमान में राजस्थान के उदयपुर में चिकित्सा सेवाएं दे रही हैं, जबकि छोटी बहन नंदिनी सिंह रूस में MBBS की पढ़ाई कर रही हैं। वहीं उनकी चचेरी बहन सुकन्या सिंह मुंबई के प्रतिष्ठित ग्रांट मेडिकल कॉलेज से MBBS की शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। एक ही परिवार की चार बेटियों द्वारा चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

डॉ. नलिनी सिंह की इस उपलब्धि पर जनपद के अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अरुण सिंह, चंद्रप्रकाश पाठक, शिवपुर दियर नई बस्ती के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र यादव ‘भुवर’ सहित अनेक लोग शामिल रहे।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि के.डी. सिंह की बेटियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि बेटियों को उचित अवसर, प्रोत्साहन और शिक्षा मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में ऊंचाइयों को छू सकती हैं। उनकी यह सफलता समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।




Post a Comment

0 Comments