बलिया : मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जनपद भर में महिला चौपालों का आयोजन


*महिलाओं-बालिकाओं को अधिकार, सुरक्षा व योजनाओं की दी गई जानकारी*

बलिया। महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत जनपद बलिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह द्वारा जनपदीय पुलिस को महिलाओं को जागरूक करने, उनके सशक्तिकरण एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सक्रिय भागीदारी के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में जनपद के समस्त थानों पर गठित महिला सुरक्षा दलों द्वारा अपने-अपने बीट एवं क्षेत्रों में विद्यालयों, कस्बों, ग्रामों व ग्राम पंचायतों में जाकर महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। इस क्रम में महिला संबंधी समस्याओं के निस्तारण के उद्देश्य से महिला चौपालों का आयोजन कर महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रयास किए गए। चौपालों में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, आत्मसम्मान की रक्षा, समाज में सम्मानजनक स्थान तथा सुरक्षित वातावरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।

महिला चौपालों के दौरान पुलिस द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पैंपलेट्स के माध्यम से दी गई। महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपात सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस 108 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जागरूक करते हुए बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल इन सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।

इसके साथ ही जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों द्वारा प्रमुख बाजारों, कस्बों, शिक्षण संस्थानों, चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं को गुड टच-बैड टच की जानकारी दी गई। छात्राओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि यदि किसी परिचित या अपरिचित व्यक्ति के व्यवहार से असहज या अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो, तो वे तत्काल वहां से हटकर अपने अभिभावक, अध्यापिका अथवा पुलिस को सूचित करें, ताकि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके। साथ ही बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत शिकायत करने की सलाह दी गई।

अभियान के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं आयुष्मान भारत योजना सहित महिला सशक्तिकरण से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

वहीं एंटी रोमियो टीमों द्वारा धार्मिक स्थलों, कोचिंग सेंटरों, विद्यालयों, पार्कों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध एवं आवारा किस्म के व्यक्तियों से पूछताछ कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवश्यकतानुसार चेतावनी दी गई।

जनपद बलिया पुलिस द्वारा यह जागरूकता अभियान मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा को लेकर समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण एवं जनसहभागिता को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से निरंतर संचालित किया जा रहा है।



Post a Comment

0 Comments