बलिया। चकबन्दी प्रक्रियाधीन ग्रामों में किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से फरवरी 2026 में ग्राम चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन चकबन्दी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में किया जा रहा है, ताकि ग्राम अदालतों के साथ-साथ ग्राम चौपाल के माध्यम से अधिकाधिक कृषकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
इस संबंध में सचेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम चौपालों में किसान संघ के सदस्य, चकबन्दी समिति के अध्यक्ष/ग्राम प्रधान एवं समिति के सदस्य आमंत्रित किए जाएंगे। चौपाल के दौरान चकबन्दी योजना से जुड़ी शिकायतों को सुना जाएगा और यथासंभव मौके पर ही निराकरण का प्रयास किया जाएगा, जिससे अनावश्यक विवादों में कमी आएगी और चकबन्दी की प्रक्रिया पारदर्शी रूप से पूर्ण हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि फरवरी 2026 में 23 से 28 फरवरी के बीच उप संचालक चकबन्दी, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी एवं चकबन्दी अधिकारी अपनी-अपनी इकाइयों के अंतर्गत दो-दो अलग-अलग ग्रामों में अनिवार्य रूप से ग्राम चौपाल का आयोजन करेंगे। जनपद के सदर, बांसडीह, सिकन्दरपुर, बेल्थरारोड एवं बेरिया तहसीलों के चयनित ग्रामों में नियत तिथियों पर चौपाल आयोजित की जाएंगी।
सचेन्द्र कुमार सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्राम चौपाल के आयोजन से पूर्व समुचित प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रख सकें। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल चकबन्दी व्यवस्था को जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे किसानों का भरोसा और सहभागिता दोनों बढ़ेंगी।


0 Comments