शब-ए-बरात : क़ुरआन व हदीस की रोशनी में रहमत और मग़फिरत की पाक रात

इस्लाम धर्म में शब-ए-बरात को रहमत, मग़फिरत और नजात की रात के रूप में विशेष महत्व प्राप्त है। यह पाक रात हिजरी कैलेंडर के आठवें महीने शाबान की पंद्रहवीं रात को आती है। “शब” का अर्थ रात और “बरात” का अर्थ मुक्ति या छुटकारा है, अर्थात यह वह रात है जिसमें अल्लाह तआला अपने बंदों को गुनाहों से माफी अता फरमाता है और उनके आने वाले जीवन से जुड़े फैसले करता है। इस रात को इबादत, तौबा और आत्ममंथन का विशेष अवसर माना गया है।

क़ुरआन-ए-पाक में शब-ए-बरात शब्द का स्पष्ट उल्लेख नहीं मिलता, लेकिन सूरह अद-दुख़ान की आयतों में जिस “बरकत वाली रात” का ज़िक्र है, उसे कई इस्लामी विद्वानों ने शब-ए-बरात से जोड़ा है। अल्लाह तआला फरमाता है कि हमने इस क़ुरआन को एक बरकत वाली रात में उतारा और उसी रात में हर हिकमत वाला काम तय कर दिया जाता है। इन आयतों से यह संकेत मिलता है कि अल्लाह की ओर से इंसानों की तक़दीर, रोज़ी और जीवन से जुड़े फैसले किसी विशेष रात में लिखे जाते हैं, जिससे शब-ए-बरात की आध्यात्मिक महत्ता और अधिक स्पष्ट होती है।

हदीस शरीफ़ में भी शाबान की पंद्रहवीं रात की फ़ज़ीलत बयान की गई है। हज़रत आयशा रज़ियल्लाहु अन्हा से रिवायत है कि रसूलुल्लाह ﷺ ने फरमाया कि इस रात अल्लाह तआला आसमान-ए-दुनिया पर नज़ूल फरमाता है और कबीला-ए-कलब की भेड़ों के बालों से भी अधिक लोगों की मग़फिरत फरमाता है। एक अन्य हदीस में आता है कि अल्लाह इस रात अपनी मख़लूक़ पर रहमत की नज़र फरमाता है और सबको माफ कर देता है सिवाय उसके जो शिर्क में लिप्त हो या जिसके दिल में किसी के प्रति बैर और द्वेष हो। इससे स्पष्ट होता है कि यह रात माफी और करुणा की है, लेकिन साथ ही दिल को द्वेष और वैमनस्य से पाक करने की भी सीख देती है।

शब-ए-बरात की रात मुसलमान नफ़्ल नमाज़ अदा करते हैं, क़ुरआन की तिलावत करते हैं, दुरूद शरीफ़ पढ़ते हैं और अल्लाह से अपने गुनाहों की माफी मांगते हैं। यह रात इंसान को अपने बीते कर्मों पर विचार करने और आने वाले जीवन को नेक रास्ते पर चलाने का संकल्प लेने की प्रेरणा देती है। इसी रात सच्ची तौबा करने वाले बंदों की दुआएं कबूल की जाती हैं, ऐसा विश्वास किया जाता है।

हदीसों से यह भी संकेत मिलता है कि इस रात मरहूमीन के लिए दुआ करना एक नेक अमल है। हज़रत आयशा रज़ियल्लाहु अन्हा से रिवायत है कि रसूलुल्लाह ﷺ शाबान की पंद्रहवीं रात जन्नतुल बक़ी तशरीफ ले गए और वहां दुआ फरमाई। इसी परंपरा के अनुसार लोग अपने मृत परिजनों की कब्रों पर जाकर फातिहा पढ़ते हैं और उनके लिए मग़फिरत की दुआ करते हैं।

शब-ए-बरात केवल व्यक्तिगत इबादत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक सद्भाव और इंसानियत का भी संदेश देती है। इस अवसर पर गरीबों और जरूरतमंदों को सदका देना, भूखों को भोजन कराना और दूसरों को माफ करना विशेष पुण्य का कार्य माना जाता है। यह रात इंसान को अहंकार, बैर और नफरत से दूर रहकर प्रेम, क्षमा और करुणा के मार्ग पर चलने की सीख देती है।

अंततः शब-ए-बरात अल्लाह की असीम रहमत और इंसान के लिए आत्मशुद्धि का अवसर है। यह रात हमें यह एहसास कराती है कि अल्लाह की रहमत के दरवाज़े हमेशा खुले रहते हैं, बस ज़रूरत है सच्चे दिल से तौबा, इख़लास और नेक अमल की। शब-ए-बरात हमें बेहतर इंसान बनने, अपने रिश्तों को सुधारने और समाज में शांति व भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देती है।

ऐनुल अंसारी ✍️ 

राजेंद्र नगर, बलिया (उ.प्र.)




Post a Comment

0 Comments