पश्चिम बंगाल में नई सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न


शुभेंदु अधिकारी बने मुख्यमंत्री, कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में मंत्रियों ने भी ली शपथ, कोलकाता में ऐतिहासिक पल का साक्षी बना ब्रिगेड परेड ग्राउंड

पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में नई सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ। भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनी और वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर नए राजनीतिक युग की शुरुआत की। राज्यपाल आर. एन. रवि ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और आम नागरिक मौजूद रहे। 

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष, कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, उद्योग जगत से जुड़े लोग, कलाकार और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। पूरे कार्यक्रम स्थल को सुरक्षा घेरे में रखा गया था तथा बंगाल की संस्कृति और परंपरा की झलक भी समारोह में दिखाई दी। भाजपा समर्थकों ने इस अवसर को “नए बंगाल की शुरुआत” बताया। 

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ कई वरिष्ठ नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। प्रमुख रूप से दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तानिया, क्षुदीराम टुडू तथा निशीथ प्रमाणिक ने मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर नई सरकार का हिस्सा बने। पार्टी नेतृत्व ने कहा कि नई सरकार राज्य में विकास, रोजगार, उद्योग, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन को प्राथमिकता देगी। 

समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा ब्रिगेड परेड ग्राउंड गूंज उठा। मंच को विशेष रूप से बंगाली संस्कृति और राष्ट्रवादी थीम पर सजाया गया था। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ पश्चिम बंगाल को नई दिशा देने का कार्य करेगी। 

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह शपथ ग्रहण केवल सरकार गठन का कार्यक्रम नहीं बल्कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत है। लंबे समय बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ है और भाजपा ने पूर्ण बहुमत के साथ नई सरकार बनाई है। पूरे देश की नजरें इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी रहीं। 

पंडित विजेंद्र कुमार शर्मा 

जीरा बस्ती, बलिया (उ.प्र.)




Post a Comment

0 Comments