बलिया : वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद उपाध्याय जी को श्रद्धांजलि


महादेव मंदिर, चंद्रशेखर नगर में भावभीनी श्रद्धांजलि सभा आयोजित

बलिया। जनपद बलिया में पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पंडित प्रमोद कुमार उपाध्याय जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से गुड मॉर्निंग फैमिली, चंद्रशेखर नगर के तत्वावधान में चंद्रशेखर नगर स्थित महादेव मंदिर पार्क में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पत्रकार साथियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को स्मरण किया।


श्रद्धांजलि सभा का संचालन गुड मॉर्निंग फैमिली के महामंत्री सुधीर कुमार सिंह ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. पी.एन. सिंह ने की। वक्ताओं ने स्वर्गीय प्रमोद उपाध्याय जी को निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ा पत्रकार बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में पत्रकारिता की गरिमा और मूल्यों को अक्षुण्ण रखा।


कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए डॉ. किशोर उपाध्याय ने कहा कि वे आजीवन स्वर्गीय पंडित प्रमोद कुमार उपाध्याय जी द्वारा दिखाए गए आदर्शों और मूल्यों के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि उनका जीवन नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।


श्रद्धांजलि सभा में शारदानंद सिंह, भरत चौधरी, गामा चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार केदार ओझा, कमलाकर तिवारी, श्रीप्रकाश पांडेय ‘मुन्ना’, विवेक श्रीवास्तव, रतन प्रकाश राय ‘गुड्डू राय’ (अध्यक्ष, वेलफेयर सोसाइटी), ब्रह्मराम सिंह, पी.डी. सिंह, मुन्ना सिंह, इम्तियाज अंसारी, अंकुर सिंह, अक्षय ठाकुर, मिंकू राय, अनिल सिंह, शेषनाथ प्रजापति, कानूनगो साहब, अमित कुमार सिंह, पप्पू सिंह, रोहित तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।


सभा का समापन दो मिनट के मौन के साथ किया गया, जिसमें सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।




Post a Comment

0 Comments