विदेशी धरती पर उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर बलिया की धूम


अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास में 31 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह, गरिमा और सांस्कृतिक गौरव के साथ किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश परिवार समूह (UP Parivar Samooh) के तत्वावधान में किया गया, जिसमें विवेक तिवारी, विभूति, अविनाश, संजीत, अभिषेक एवं बलिया निवासी अमित तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों के कुशल समन्वय और सतत प्रयासों से यह आयोजन अत्यंत सफल एवं स्मरणीय बन सका।

इस अवसर पर यूएई के पासपोर्ट अधिकारी श्री प्रेम ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री बलवीर सिंह रंधावा, श्री राजीव जयचंद्रन एवं श्री विनय वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।

अपने संबोधन में अतिथियों ने विदेश भूमि पर उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों को वैश्विक मंच पर सशक्त पहचान प्रदान करते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रवासी समुदाय की सक्रिय भूमिका और योगदान की भी विशेष प्रशंसा की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सुसज्जित भव्य सांस्कृतिक संध्या, जिसमें उत्तर प्रदेश की लोककला, शास्त्रीय नृत्य, देशभक्ति एवं वीर रस की भावनाओं का सशक्त प्रदर्शन किया गया।

नायरा द्वारा प्रस्तुत कथक नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं मात्र 6 वर्ष की उत्तर प्रदेश की बिटिया वैदिका ओझा द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य ने अपनी सहजता, आत्मविश्वास और भाव-भंगिमा से सभी का हृदय जीत लिया।


कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत एक विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहीं। रुद्र जी द्वारा रचित "हम दिलवाले हैं यूपी वाले गीत पर बच्चों ने सामूहिक नृत्य एवं भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसने उत्तर प्रदेश के प्रति गर्व, अपनापन और उत्साह की भावना को जीवंत कर दिया। बच्चों की ऊर्जा, तालमेल और मुस्कान से भरी प्रस्तुति ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए पूरे सभागार को तालियों से गूंजा दिया।

कार्यक्रम का सबसे प्रभावशाली और भावनात्मक क्षण रहा बलिया की बेटी आशी तिवारी द्वारा प्रस्तुत वीर रस से ओतप्रोत काव्य-पाठ। उनकी कविता ने ओज, प्रखर राष्ट्रभाव और अभिव्यक्ति की सशक्तता के माध्यम से उत्तर प्रदेश की वीर परंपरा, स्वाभिमान और सांस्कृतिक चेतना को जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इसके अतिरिक्त कथक, सोहर, देशभक्ति गीत तथा उत्तर प्रदेश की विभिन्न क्षेत्रीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी मंचित की गईं, जिन्होंने कार्यक्रम को विविधता और सांस्कृतिक गहराई प्रदान की।

कार्यक्रम की सांस्कृतिक संध्या को और भी विशेष बनाते हुए यूएई नेशनल श्री अनीश द्वारा प्रस्तुत बॉलीवुड गीत ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और भारत यूएई के सांस्कृतिक सौहार्द को भावनात्मक रूप से अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री विवेक तिवारी, श्रीमती निशी यादव, श्रीमती रुचिरा चतुर्वेदी, श्रीमती शालिनी अग्रवाल एवं हमारे बलिया के श्री अमित तिवारी द्वारा किया गया, जिनकी मंचीय दक्षता, संतुलन और ऊर्जा ने पूरे आयोजन को अनुशासित एवं जीवंत बनाए रखा। अमित तिवारी अबुधाबी में एक मल्टी नेशनल कंपनी में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत है।

कार्यक्रम में भारतीय दूतावास, अबू धाबी के अधिकारीगण, सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय उपस्थित रहे। यह आयोजन विशेष रूप से युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बना।

उत्तर प्रदेश दिवस का यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक विविधता, एकता और गौरव का संदेश देता हुआ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



Post a Comment

0 Comments