बलिया के शैक्षणिक विकास को बढ़ावा: कुलपति की मुख्यमंत्री से महत्वपूर्ण मुलाकात


बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने रविवार को उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर विश्वविद्यालय की प्रगति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

इस अवसर पर कुलपति ने विश्वविद्यालय की अकादमिक उन्नति, वित्तीय सहयोग, कर्मचारियों की नियुक्ति तथा अन्य विकासात्मक आवश्यकताओं को लेकर मुख्यमंत्री को अवगत कराया। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय के समक्ष मौजूद चुनौतियों की भी जानकारी दी।

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय भवनों के प्रथम चरण का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है तथा इन भवनों के लोकार्पण के लिए माननीय मुख्यमंत्री से समय देने का अनुरोध किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय की प्रगति के लिए शासन स्तर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि बलिया जनपद उत्तर प्रदेश के पूर्वी सीमांत क्षेत्र में स्थित है, जिसके समग्र विकास के लिए राज्य सरकार पूरी तरह कृतसंकल्पित है। बलिया में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की शासन स्तर पर निरंतर निगरानी की जा रही है और विश्वविद्यालय का विकास भी जनपद के विकास से अटूट रूप से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास में हर संभव योगदान देगी। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन पर कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने उनका विशेष आभार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय परिवार एवं जनपदवासियों की ओर से कृतज्ञता प्रकट की।



Post a Comment

0 Comments