देह व्यापार गिरोह का खुलासा, पुलिस की छापेमारी से मचा हड़कंप


प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार गिरोह का खुलासा करते हुए कीड़गंज इलाके में संचालित अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला तब सामने आया जब रिहायशी क्षेत्र में लगातार संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिलने लगीं।

जानकारी के अनुसार कीड़गंज क्षेत्र स्थित एक मकान में लंबे समय से अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि यह मकान एक महिला आईएएस अधिकारी के नाम पर है, जिसे करीब 15 हजार रुपये मासिक किराए पर दिया गया था। किरायेदार ने मकान लेते समय परिवार के साथ रहने की बात कही थी, लेकिन बाद में इसका इस्तेमाल अनैतिक कार्यों के लिए किया जाने लगा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बीते कुछ समय से मकान में दिन-रात अजनबी युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे मोहल्ले के लोगों को शक हुआ। इसके बाद पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने रविवार दोपहर करीब ढाई बजे मकान पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान के अंदर से चार युवतियों और पांच युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान कुछ संदिग्ध और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी जमा हो गए।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि पकड़ी गई चार युवतियों में से दो प्रयागराज की रहने वाली हैं, जबकि एक युवती वाराणसी और एक पश्चिम बंगाल की बताई जा रही है। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मकान की मालकिन अपने परिवार के साथ अन्यत्र रहती हैं और उन्होंने यह मकान किराए पर दे रखा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस मकान में बीते करीब तीन महीनों से देह व्यापार का अवैध धंधा चल रहा था।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। जांच के आधार पर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जाएगा।



Post a Comment

0 Comments