आज का युग डिजिटल क्रांति का युग है। शिक्षा, बैंकिंग, स्वास्थ्य, व्यवसाय, शासन–प्रशासन से लेकर हमारे दैनिक जीवन तक, कंप्यूटर और इंटरनेट के बिना कोई भी क्षेत्र अधूरा है। लेकिन तकनीक के इस व्यापक विस्तार के साथ साइबर खतरे भी उतनी ही तेजी से बढ़े हैं। इन्हीं खतरों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए हर वर्ष 30 नवंबर को ‘कंप्यूटर सुरक्षा दिवस’ मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों, संस्थानों और संगठनों को यह समझाना है कि डिजिटल दुनिया में सुरक्षा कोई विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता है।
कंप्यूटर सुरक्षा दिवस की शुरुआत वर्ष 1988 में हुई थी, जब इंटरनेट का विस्तार तेजी से होने लगा था और साइबर अपराधों ने अपनी पैठ बनानी शुरू कर दी थी। उस दौर से लेकर आज तक साइबर हमलों की प्रकृति और स्तर दोनों ही कहीं अधिक जटिल हो चुके हैं। रैनसमवेयर, फिशिंग, डेटा चोरी, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल इंजीनियरिंग और मैलवेयर जैसे खतरे लगातार बढ़ रहे हैं। एक छोटी सी असावधानी भी व्यक्तिगत डेटा, आर्थिक जानकारी और गोपनीय दस्तनों तक को खतरे में डाल सकती है।
डिजिटल प्लैटफॉर्म पर हमारी निर्भरता जितनी बढ़ी है, उतनी ही जरूरी हो गई है साइबर स्वच्छता और सुरक्षा के बुनियादी सिद्धान्तों का पालन करना। मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, नियमित रूप से सॉफ्टवेयर अपडेट करना, संदिग्ध लिंक या ईमेल से बचना, सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क पर संवेदनशील कार्य न करना, तथा डेटा का बैकअप रखना–ये सभी सरल कदम हमें बड़े नुकसान से बचा सकते हैं। संस्थानों के स्तर पर साइबर सुरक्षा नीतियों को मजबूत करना, कर्मचारियों को प्रशिक्षण देना, और आधुनिक सुरक्षा तकनीकों का इस्तेमाल करना समय की माँग है।
आज साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा का भी प्रमुख हिस्सा बन चुका है। सरकारें, कॉर्पोरेट संस्थाएं और आम नागरिक—सभी को मिलकर साइबर खतरों के खिलाफ एक मजबूत सुरक्षा कवच तैयार करना होगा। क्योंकि डिजिटल दुनिया में एक छोटी सी चूक, लाखों लोगों की जानकारी को खतरे में डाल सकती है।
कंप्यूटर सुरक्षा दिवस हमें यही संदेश देता है कि तकनीक जितनी सुविधाएँ देती है, उतनी ही जिम्मेदारियाँ भी साथ लेकर आती है। सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाकर ही हम आधुनिक तकनीक के लाभों का सही अर्थों में उपयोग कर सकते हैं। यह दिन हमें याद दिलाता है कि—“साइबर सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी है।”
परिवर्तन चक्र समाचार सेवा ✍️


0 Comments