दशहरा व दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर एसपी बलिया ओमवीर सिंह लगातार भ्रमणशील, सुरक्षा व्यवस्था की संभाली कमान


बलिया। विजयादशमी एवं मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह ने आज दिनांक 02 अक्तूबर 2025 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने दशहरा मेला एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों की निगरानी करते हुए लोगों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।


पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने गड़वार, नगरा, रसड़ा समेत कई थाना क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसी क्रम में उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी बलिया श्री दिनेश कुमार शुक्ल एवं क्षेत्राधिकारी रसड़ा श्री आलोक कुमार गुप्ता के साथ मय फोर्स थाना/कस्बा रसड़ा में भ्रमण व रूट मार्च किया।


भ्रमण के दौरान एसपी बलिया ने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी व दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि त्यौहार आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को त्योहार सकुशल सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा व्यवस्था को पुख़्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।


इस अवसर पर पुलिस बल का रूट मार्च लोगों में विश्वास और सुरक्षा का संदेश देने वाला रहा। प्रशासन की सक्रियता से जनपदवासियों में त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने की उम्मीद प्रबल है।



Post a Comment

0 Comments