महिलाओं को किया आत्मनिर्भर और निडर बनने का आह्वान
बलिया, 15 अक्टूबर। मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने हेतु बलिया में एक अनूठी पहल की गई। जय मौनी बाबा देवा गिरधारी रोहाना, रसड़ा की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा प्रज्ञा मिश्रा को एक दिन के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
एक दिन की जीआरपी थानाध्यक्ष बनीं प्रज्ञा मिश्रा ने थाने में पहुंचकर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
प्रज्ञा ने कहा कि “जीआरपी थानाध्यक्ष बनना मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का अनुभव रहा। इस पद ने मुझे यह सिखाया कि समाज में महिलाओं की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है और हमें आत्मनिर्भर बनकर हर चुनौती का सामना करना चाहिए।”
प्रज्ञा ने कहा कि उनका उद्देश्य भविष्य में सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में योगदान देना है ताकि वे समाज में बदलाव और महिला सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक भूमिका निभा सकें।
यह पहल मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत बलिया पुलिस द्वारा महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है, जिससे समाज में महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश प्रसारित हो सके।
0 Comments