🌹धरती के श्रृंगार वृक्ष हैं।🌲


वृक्षों के महत्व और इन्हे लगाने, संरक्षित करने आदि पर जन जागरूकता पर एक विशेष प्रस्तुति :-            

धरती के श्रृंगार वृक्ष हैं

जीवन के आधार वृक्ष हैं

यही हमे फल फूल हैं देते

रोग व्याधियों को हर लेते

इन्हे लगाओ, इन्हे बचाओ

रोग दोष संताप मिटाओ।।


प्राण वायु हम सबको देते

बदले में हमसे क्या लेते

इन्ही से धरती जीवनमय है

इन्ही से सबकुछ मंगलमय है

इन्हे लगाओ इन्हे बचाओ 

वसुंधरा को हरित बनाओ ।।


धरती के संकट हरते हैं

दूर प्रदूषण को करते हैं

इन्ही के कारण हरियाली है

सारे जग में खुशहाली है

इन्हे लगाओ, इन्हे बचाओ

धरती पर हरियाली लाओ।।


खग विहगों को दिए बसेरा

इन्ही से सुंदर दिखे सबेरा

कोयल कूके, मैना गाये

बगिया में बुलबुल चहकाये

इन्हे लगाओ, इन्हे बचाओ

अपना घर आंगन महकाओ।।


रोक बदरिया वर्षा लाते

कण कण में जीवन भर जाते

हरा भरा भू दृश्य बनाते 

वसुंधरा पर रंग सजाते 

इन्हे लगाओ इन्हे बचाओ

धरती पर हर रंग सजाओ।।


बहुत बड़ा इनका उपकार 

धरती पर ला दिये बहार

इनकी फिक्र करो दिन रात 

तभी बनेगी थोड़ी बात

इन्हे लगाओ, इन्हे बचाओ

इनके प्रति सब प्रेम दिखाओ


आज वृक्ष पर संकट छाया

व्यर्थ में तुमने इन्हे जलाया

चंद लाभ पर इन्हे कटाया

इनके तन आरा चलवाया

इन्हे लगाओ, इन्हे बचाओ

इनके प्रति कर्तव्य निभाओ।।


इनपर करो न अत्याचार

इनपर निर्भर है संसार

इनसे गर होगा दुर्व्यवहार

नही बचेगा ये संसार

इन्हे लगाओ, इन्हे बचाओ

सारे जग का प्राण बचाओ।।


पत्थर के अब झाड़ उग रहे

वन वृक्ष व बाग उजड़ रहे 

प्राण वायु के हैं भंडार

फिर भी हम करते अतिचार

इन्हे लगाओ इन्हे बचाओ

इनपर कभी न संकट लाओ।।


चलो आज से वृक्ष लगाएं

आस पास बगिया लहराए

आस पास वन, वृक्ष रहेंगे

तभी सदा हम सुखी रहेंगे

इन्हे लगाओ, इन्हे बचाओ 

वशुंधरा को स्वर्ग बनाओ।।


सुनील कुमार यादव ✍️

जिला मलेरिया अधिकारी 

बलिया (उ0प्र0)



Post a Comment

0 Comments