बलिया : जिलाधिकारी ने की बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा

 


बलिया। मुख्यमंत्री द्वारा 15 जून तक बाढ़ से संबंधित कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने बाढ़ के पूर्व तैयारियो की समीक्षा कलेक्ट्रेट सभागार में की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जहां भी कार्य धीरे चल रहा है वहां पर मजदूरों की संख्या बढ़ाकर जल्द से जल्द कार्य पूरा कराया जाए। कार्यदायी संस्था द्वारा कार्य धीमा किए जाने पर जिलाधिकारी ने बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता अमृतलाल को निर्देश दिया कि यदि ठेकेदार काम समय से पूरा नहीं करता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया जाए। उन्होंने एसडीएम सदर को निर्देश दिया की कार्य की समीक्षा करके उन्हें अवगत कराएं।

उप जिलाधिकारी बैरिया आत्रेय मिश्रा ने बताया कि जहां पर बाढ़ का काम चल रहा है वहां पर गांव के कुछ लोग कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संबंधित एसओ को सूचित किया जाए और गांव वालों को कार्य में बाधा उत्पन्न ना करने दिया जाए। उपजिलाधिकारी बैरिया ने बताया कि गोपाल नगर और नौरंगा में बाढ़ की स्थिति ज्यादा खराब है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ के समय गांव वालों को विस्थापित करने की व्यवस्था पहले से ही रखी जाए और उसके लिए पहले से ही विद्यालय चिन्हित कर लिए जाएं। बांसडीह के उप जिलाधिकारी ने सरयू नदी के तट पर तुर्तीपार बांध पर चल रहे कार्य के संबंध में बताया। उप जिलाधिकारी ने बताया कि कुछ जगहों पर रिसाव की समस्या रहती है जिसको अभी से ठीक करा लेने की आवश्यकता है। जिलाधिकारी ने एसडीएम बांसडीह को निर्देश दिया कि वे भी कुछ विद्यालयों को चिन्हित  करके अभी से रख ले। जिससे विस्थापितों को वहां पर रखा जा सके। रसड़ा उप जिलाधिकारी सदानंद सरोज ने बताया कि रसड़ा तहसील में किसी विस्थापन की समस्या नहीं है। बेल्थरा रोड के उप जिलाधिकारी ने बताया कि टगुनिया, चैनपुर भुलावा और तुर्तीपार  में कुछ समस्या देखने को मिलती है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम को जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ के समय वहां पर कैंप लगाकर लोगो के स्वास्थ्य का परीक्षण करें। बाढ़ शरणालय में डॉक्टरों की टीम लगाई जाए। इसके अतिरिक्त आशाओं और आंगनवाड़ीयो के माध्यम से गांव वालों को क्लोरीन की गोलियां वितरित की जाए। ग्राम पंचायत विभाग को निर्देश दिया कि विस्थापित स्थलों पर अस्थायी शौचालयो का निर्माण करवाया जाए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि पशुओ को रखने और उनके चारा और पानी की व्यवस्था कराई जाए साथ ही पशुओं के चिकित्सा की भी व्यवस्था रखी जाए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभी से पशुओं का टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। साथ ही पशुओं के चारे की व्यवस्था के लिए जेम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर दिया गया है।

बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, आपदा प्रबंध के लोग और बाढ़ खंड के अधिकारी उपस्थित थे।



Comments